जमशेदपुर में किन्नर समाज के लिए बनेगा माता बहुचरा का पहला भव्य मंदिर
समाजसेवी पप्पू सरदार ने 51 हजार रुपये देकर की पावन कार्य की शुरुआत
जमशेदपुर,
जमशेदपुर में किन्नर समाज के लिए अब माता बहुचरा का एक भव्य मंदिर बनाया जाएगा। यह मंदिर झारखंड राज्य का पहला माता बहुचरा मंदिर होगा। इस पावन कार्य की शुरुआत समाजसेवी पप्पू सरदार ने की है। उन्होंने मंदिर निर्माण हेतु 51 हजार रुपये का पहला सहयोग किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर साध्वी अमरजीत को सौंपा।
कुछ दिनों पूर्व किन्नर अखाड़ा द्वारा आयोजित धर्म महासम्मेलन में महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने जमशेदपुर में माता बहुचरा मंदिर निर्माण की इच्छा व्यक्त की थी। उसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से अब स्थानीय किन्नर समुदाय ने मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली है।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर साध्वी अमरजीत ने कहा —
> “यह झारखंड का पहला माता बहुचरा मंदिर होगा। जमशेदपुर में इस मंदिर के निर्माण से किन्नर समाज में खुशी और गर्व का माहौल है। यह स्थान आस्था, समानता और सम्मान का प्रतीक बनेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि समाजसेवी पप्पू सरदार द्वारा किया गया यह सहयोग मंदिर निर्माण के लिए प्रेरणादायी कदम है। आने वाले समय में समाज के विभिन्न वर्गों से सहयोग लेकर इस मंदिर को भव्य रूप दिया जाएगा।
मंदिर निर्माण का यह अभियान किन्नर समाज के लिए नई पहचान और सम्मान की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है।





