करनडीह ग्राम पंचायत ने पुनर्वास की मांग को लेकर प्रशासन से लगाई गुहार
जमशेदपुर : दक्षिण करनडीह पंचायत के मुखिया सरखती टुबू की अध्यक्षता में 26 जनवरी 2025 को करनडीह ग्राम पंचायत में एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सभा में झारखंडनगर, मुर्गापाड़ा, और ग्वालापटी के उन परिवारों की समस्या पर विचार किया गया, जिन्हें दक्षिण-पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अभियंता (कार्य) द्वारा 20 जनवरी 2025 को नोटिस जारी कर क्षेत्र खाली करने का निर्देश दिया गया था।
ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के प्रभावित परिवारों को उजाड़ने से पहले उनके पुनर्वास की उचित व्यवस्था की जाए। पंचायत ने प्रशासन से मांग की है कि यह प्रक्रिया तब तक स्थगित की जाए जब तक इन परिवारों को वैकल्पिक स्थान नहीं दिया जाता।
पंचायत का कहना है कि फरवरी और मार्च महीने में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ऐसे में परिवारों को उजाड़ने से बच्चों की पढ़ाई और परीक्षा प्रभावित हो सकती है। ग्रामवासियों ने आग्रह किया है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस कार्रवाई को अगले 2-3 महीने के लिए टाल दिया जाए।
ग्राम सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया तो इससे सामाजिक अशांति पैदा हो सकती है। पंचायत ने इस संबंध में जल्द से जल्द सकारात्मक कदम उठाने की अपील की है ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और प्रभावित परिवारों को उचित समाधान मिल सके। पंचायत ने इस मामले में जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से संवेदनशीलता दिखाने की उम्मीद जताई है।






