मांडर में पति की हत्या की आरोपी पत्नी गिरफ्तार
मांडर : मांडर थाना क्षेत्र के चटवल निवासी सुमन उरांव उर्फ सुमन कुमारी को गिरफ्तार कर मांडर पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ पेट्रोल से आग लगाकर अपने पति की हत्या करने का आरोप है। बताया जाता है कि सुमन उरांव ने 26 जुलाई 2024 को दूसरी महिला के साथ घर में सो रहे अपने पति सुनील खलखो और उस महिला के ऊपर एक साथ पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए रिम्स में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान सुमन के पति सुनील खलखो की मौत हो गई थी जबकि आग से झुलसी महिला इलाज के कुछ दिनों बाद ठीक हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी सुमन उरांव फरार थी। गुरुवार को पुलिस ने सूचना मिली कि आरोपी सुमन उरांव गांव में है इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर उसे अपनी हिरासत में ले लिया और शुक्रवार को जेल भेज दिया।






