सरकारी स्कूलों के लिए होगा मददगार:रामगढ़ में बीआरपी-सीआरपी को एप के इस्तेमाल की दी गयी जानकारी, बेहतर एजुकेशन के लिए बताया जरूरी

राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में SwiftChat app को लागू कर दिया गया है। इसकी शुरुआत 25 अगस्त से हो चुकी है। इस एप के जरिए शिक्षकों और बच्चों को सीखने और सीखाने की प्रक्रिया में सहूलियत मिलेगी। इस एप का इस्तेमाल कैसे करना है, इसे लेकर ट्रेनिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। आज रामगढ़ जिले के जिला परियोजना कार्यालय, बुनियादी विद्यालय कैंपस में लगभग 60 बीआरपी-सीआरपी को ट्रेनिंग दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत जिले के सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आनंद कुमार कुल्लू ने की। उन्होंने राज्य स्तरीय लांच के दौरान बताये गए ‘शिक्षक सहायक’ और ‘डीजी साथ वीकली प्रेक्टिस’ चैट बोट के महत्वपूर्ण बातों को बताकर प्रतिभागियों को मोटीवेट किया।
सीखने सिखाने की प्रक्रिया होगी आसान
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, रामगढ़ ने कहा कि डिजिटल युग में इस चैट बोट के माध्यम से शिक्षक आसानी से अपने क्लासरूम जाने से पूर्व शिक्षक सहायक चैट बोट का उपयोग कर लेसन प्लान, वर्कशीट और वीडियो के माध्यम से अपने क्लासरूम में सीखने सीखाने की विधि को आसान कर पाएंगे। वहीं बच्चे प्रत्येक सप्ताह शनिवार से अगले शुक्रवार तक साप्ताहिक क्विज के माध्यम से अपने सीखने की क्षमता के स्तर को समझ पाएंगे। राज्य से आये कॉन्वीजिनयस के प्रतिनिधि आर्यन गर्ग ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी प्रतिभागी को ‘शिक्षक सहायक’ और ‘डीजी साथ वीकली प्रैक्टिस’ के बारे में बताया।
कैसे करेगा काम
शिक्षक सहायक चैट बोट का उपयोग पहले फेज में कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों को उनके सही शैक्षणिक स्तर पर पढ़ने के लिए किया जाएगा। यह गणित, विज्ञान और हिंदी विषयों के लिए जेसीईआरटी के किताबों में दिए गए सीखने के प्रतिफलों पर आधारित शिक्षण योजना और अभ्यास पत्र को उपलब्ध कराए जाते हैं। शिक्षण योजना एवं प्रैक्टिस सेट उपचारात्मक तथा कक्षा स्तर दोनों के लिए प्रयुक्त किए गए हैं। ये टेस्ट जेसीइआरटी द्वारा जांच किए जाते हैं। विद्यार्थियों को इंटरएक्टिव तरीके से पढ़ने के लिए सीखने के प्रतिफलों पर आधारित उच्च गुणवत्ता वाली वीडियो सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
प्ले स्टोर से होगा डाउनलोड
कॉन्वीजिनयस के प्रतिनिधि रवि प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इसका उपयोग करने के लिए अपने एंड्राइड मोबाइल के प्ले स्टोर से एक बार SwiftChat app को डाउनलोड करना है। मोबाइल नंबर से वेरिफिकेशन के बाद दिए गये चैट बोट क्यूआर कोड या फिर लिंक के माध्यम से शिक्षक सहायक और डीजी साथ वीकली प्रैक्टिस चैट बोट का उपयोग कर सकते हैं। डीजी साथ वीकली प्रैक्टिस प्रत्येक शनिवार को लाइव कर दिया जाता है जो कि अगले शुक्रवार तक ओपन रहता है।
ऐसे कर सकते हैं उपयोग
इस एप में बच्चे विद्यालय का यू डाइस कोड डालकर अपने स्कूल को वेरीफाई करते हुए अपना नाम डालते हुए प्रत्येक सप्ताह तीन विषय का क्विज सबमिट कर सकते हैं। साथ ही साथ वह ये भी पता कर सकते हैं कि उनके लर्निंग आउटकम में कितने मार्क्स आ रहे है। जिस लर्निंग आउटकम में उनके परफॉर्मेंस अच्छे नहीं रहेंगे, उनके लिए उसी समय इस चैट बोट पर वीडियो भी प्राप्त होती है ताकि बच्चे वीडियो देखकर अपने स्तर को आगे बढ़ा सकें।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई