आयुष्मान भव: अभियान हुआ शुरू:रांची के आड्रे हाउस में हुआ वर्चुअल कार्यक्रम, राज्यपाल ने कहा – राज्य के अंतिम व्यक्ति तक अभियान का लाभ पहुंचाना उद्देश्य

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश भर में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुलभ बनाने के लिए “आयुष्मान भवः” अभियान की शुरुआत की। देशभर में कई जगहों पर वर्चुअल मोड में कार्यक्रम हुए। रांची के आड्रे हाउस परिसर में वर्चुअल कार्यक्रम हुआ। जहां राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन शामिल हुए। उन्होंने कहा “आयुष्मान भवः” सिर्फ एक कथन मात्र नहीं है। यह एक मार्गदर्शन करने वाला सिद्धांत है, जिसमें स्वस्थ जीवन जीने का सार शामिल है। उन्होंने कहा कि ‘आयुष्मान भवः अभियान का उद्देश्य राज्य के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से हाशिये पर रहने वाले लोगों को भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्राप्त हो सकेगी। यह स्वास्थ्य सेवाओं में समानता को भी बढ़ावा देगा।
पीएम-जेएवाई योजना के तहत मिलेगा लाभ
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है, जो 5 लाख रुपये तक की चिकित्सा कवरेज प्रदान करती है। उस योजना के अंतर्गत 17 सितंबर 2023 से एक अभियान शुरू किया जा रहा है, जिससे पीएम-जेएवाई योजना के तहत सभी शेष पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड दिए जाएंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी लाभार्थी न छूटे। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे झारखण्ड राज्य में इस अभियान को पूर्णतः सफल बनाया जायेगा। राज्यपाल ने लोगों से अपील की कि आइए हम सभी “आयुष्मान भवः” में निहित भावना को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करें।
स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के लिए संकल्पित
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक आयुष्मान भवः कार्यक्रम का लाभ पहुंचे, इसके लिए हम कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 1 करोड़ 22 लाख लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिल चुका है। लेकिन, हमारा लक्ष्य 2 करोड़ 69 लाख लोगों को इस योजना का लाभ पहुंचाना है। इस दिशा मे राज्य सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योग से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, इसलिए अब हम हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर भी कार्य कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भवः अभियान सरकार की अद्भुत पहल है। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2023 तक चलेगा।
ऐसा होगा अभियान का फॉर्मेट
विभाग के अपर मुख्य सचिव अरूण कुमार सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम के आयुष्मान आपके द्वार 3.0, आयुष्मान सभा, आयुष्मान मेला और आयुष्मान ग्राम मुख्य स्तंभ हैं। आयुष्मान भारत द्वारा स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों (एबी-एचडब्ल्यूसी) पर आयुष्मान मेला आयोजित किया जाएगा। वहीं आयुष्मान सभा केंद्र और राज्य सरकारों की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लाभुकों को सुनिश्चित कराने के लिए ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण समिति के नेतृत्व में एक ग्राम-स्तरीय अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा यह प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई), स्वास्थ्य बीमा योजना कार्ड और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (एबीएचए) संख्या के महत्व के बारे में जागरूकता पर ध्यान केंद्रित करेगा। ये ग्राम सभाएं बाल स्वास्थ्य मुद्दों, टीकाकरण, पोषण और एनीमिया के बारे में जागरूक करने में भी मदद करेंगी। इससे स्वास्थ्य की सामाजिक जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा। चतुर्थ स्तंभ आयुष्मान ग्राम की परिकल्पना पीएमजेएवाई कार्ड वितरण, एबीएचए आईडी निर्माण, टीकाकरण कवरेज और गैर-संचारी रोगों की जांच को शत प्रतिशत आच्छादित करने के लिए की गई है। सभी स्वास्थ्य योजनाओं को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले ग्रामों को “आयुष्मान ग्राम” की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई