राज्य सरकार के आदेश के बाद इन दिनों शहर के अंगीभूत कॉलेजों में इंटरमीडिएट के तीनों संकाय साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स में एडमिशन की प्रक्रिया चल रही है.
शहर के कॉलेजों में दाखिले के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इससे साफ है कि रिजल्ट जारी होने के बाद भी बड़ी संख्या में छात्र संबद्ध कॉलेजों में एडमिशन का इंतजार कर रहे थे. उधर, मानगो स्थित जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में इंटरमीडिएट में दाखिले के लिए शहर और ग्रामीण इलाकों से अच्छी संख्या में छात्र-छात्राएं आते थे, लेकिन इस बार यह संख्या नगण्य रह गयी है. शहर के कॉलेजों में सीटों की संख्या की तुलना में करीब डेढ़ से दो गुना अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। उदाहरण के तौर पर अगर जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज को लिया जाए तो वहां आवंटित सीटों की कुल संख्या 1064 है. गाइडलाइन के मुताबिक इसमें से 10 फीसदी कम सीटों पर ही दाखिला होना है, जबकि आवेदकों की संख्या 1600 के करीब है.
जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में अब तक सबसे कम आवेदन आये हैं और एडमिशन लेने वाले छात्रों की संख्या भी काफी कम है.
अब तक यहां एडमिशन लेने वाले छात्रों की संख्या करीब 350 बताई जा रही है. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी महालिक ने बताया कि इस बार एडमिशन में देरी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. अधिकांश छात्रों ने इंतजार नहीं किया और पास के संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश ले लिया। इस वजह से भी यहां एडमिशन प्रभावित हुआ है.






