हेमंत सरकार ने एमएमडीआर कानून और एसआईआर पर चर्चा के लिए झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। सरकार जानती है कि संसद के दोनों सदनों से पारित, राष्ट्रपति के हस्ताक्षर और अधिसूचना के बाद लागू हो चुके कानून में राज्य की विधानसभा हस्तक्षेप नहीं कर सकती। विधानसभा एक मंदिर है, उसे ओछी राजनीति का अड्डा नहीं बनना चाहिए।
सरकार इस कानून को इसलिए नहीं मान रही, क्योंकि इससे उसके संरक्षण में चल रहे अवैध कोयला और अवैध आयरन के धंधे पर असर पड़ेगा। कानून पास होने के बावजूद सरकार टैक्स के रूप में अलग से शेष वसूल रही है। इससे राज्य का कोयला और लौह अयस्क महंगा होगा, निवेश प्रभावित होगा, रोजगार के लिए पलायन बढ़ेगा और राज्य का राजस्व व विकास बाधित होगा।
मुख्यमंत्री बताएं कि क्या एमएमडीआर कानून केवल झारखंड के लिए बना है? जिन राज्यों में खनन नहीं होता, क्या वहां जनकल्याणकारी योजनाएं नहीं चल रहीं? मुख्यमंत्री जनता को गुमराह करना बंद करें।
एक ओर राजस्व के नाम पर संवैधानिक प्रावधानों की अनदेखी हो रही है, दूसरी ओर शराब और सूदखोरी के खिलाफ आंदोलन से जन्मी झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने शराब पर टैक्स घटा दिया और दुकानें रात 11 बजे तक खोलने की छूट दे दी है। शराब पर टैक्स बढ़ाकर राजस्व बढ़ाया जा सकता था, लेकिन सरकार हमारी पीढ़ी को बर्बाद करने पर आमादा है। श्री हेमंत सोरेन कि नेतृत्व में चल रही गठबंधन सरकार के लिए न तो संविधान की धाराओं का कोई महत्व रह गया है, ना ही दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी की विचारधारा का। राज्य में एसआईआर की प्रक्रिया पर भी झामुमो-कांग्रेस सवाल खड़ा कर रहे हैं। इन दलों को बताना चाहिए एक तरफ उनके प्रतिनिधि एसआईआर प्रक्रिया की तिथि बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, दूसरी तरफ विरोध भी करते हैं। इंडी गंठबंधन में शामिल दल एसआईआर के मुद्दे पर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। वे अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को मतदाता सूची में बनाए रखने में लगे हुए हैं, लेकिन उनकी दाल नहीं गल रही है।
झारखंड के हालात देखकर कुछ सवाल उठते हैं – क्या झारखंड भारत के संघीय गणराज्य का हिस्सा नहीं है। झारखंड में भारत सरकार द्वारा पारित कानून का कोई महत्व नहीं है। मुख्यमंत्री जी और राहुल गांधी जी को इन सवालों का जवाब झारखंड और देश की जनता को देना चाहिए।






