निशा भगत मौत मामला अब CBI के हवाले, CM हेमंत सोरेन ने देर रात किया ऐलान – पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर

निशा भगत मौत मामला अब CBI के हवाले, CM हेमंत सोरेन ने देर रात किया ऐलान – पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर

 

रांची: झारखंड की चर्चित आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में अब बड़ा मोड़ आ गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने का निर्देश दे दिया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार देर रात करीब सवा दस बजे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में स्पष्ट रूप से लिखा –

> “निशा भगत प्रकरण की जांच अब CBI करेगी। निर्देश दे दिए गए हैं।”

मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद निशा भगत मामले में अब जांच की जिम्मेदारी CBI को सौंपे जाने का रास्ता साफ हो गया है।

क्या हुआ था 6 नवंबर को?

बीते 6 नवंबर को झारखंड की चर्चित आदिवासी नेत्री निशा भगत ने अपने आवास पर फेसबुक लाइव कर आत्महत्या कर ली थी।

रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली स्थित आवास पर यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि फेसबुक लाइव के दौरान ही निशा ने फांसी लगा ली। उन्हें गंभीर हालत में रिम्स, रांची लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

निशा भगत आदिवासी अधिकारों और सरना धर्म से जुड़े मुद्दों पर मुखर रहती थीं। उन्होंने साल 2024 में गुमला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था।

फेसबुक लाइव में उन्होंने जमीन दलालों और राज्य प्रशासन पर परेशान करने और पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया था। लाइव के दौरान ही उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को भी फोन किया था।

पिता ने बताया हत्या की साजिश, दर्ज हुई FIR

इस घटना पर मृतक निशा भगत के पिता हांडू भगत ने हत्या की साजिश बताते हुए FIR दर्ज कराई है।

पिता की शिकायत पर 7 नवंबर को पिठोरिया थाने में FIR दर्ज की गई। इसमें दो लोगों को नामजद किया गया है –

– अजय तिर्की – केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष
– ज्योत्सना केरकेट्टा – सामाजिक कार्यकर्ता

इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पिता हांडू भगत ने अपने आवेदन में थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय समेत अन्य लोगों पर भी बेटी को लंबे समय तक मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने, सोशल मीडिया पर चरित्र को धूमिल करने और झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश का आरोप लगाया था।

पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर

इधर रांची एसएसपी राकेश रंजन ने पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया है। उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है। उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर DSP (मुख्यालय-1) अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में SIT भी गठित की गई थी, जो सभी पहलुओं की जांच कर रही थी।

क्यों उठ रही थी CBI जांच की मांग?

निशा भगत की मौत के बाद से ही इस मामले की निष्पक्ष जांच और CBI जांच की मांग लगातार उठ रही थी।

विभिन्न सामाजिक और आदिवासी संगठनों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। भाजपा ने इस मामले को लेकर राजनीतिक मुद्दा बनाया और रांची में मशाल जुलूस निकालकर CBI जांच, आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और न्याय की मांग की थी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा के दबाव में सरकार ने CBI जांच का फैसला लिया है।

वहीं आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने भी परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

राष्ट्रीय आयोग ने भी लिया संज्ञान

इस मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) और राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लिया है।

NCST ने झारखंड सरकार के मुख्य सचिव, DGP और रांची SSP को नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है।

अब सबकी निगाहें CBI पर

मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद निशा भगत की मौत के पीछे की परिस्थितियों और मामले से जुड़े तमाम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

अब सभी की निगाहें CBI की जांच पर टिकी हैं। देखना होगा कि CBI इस मामले में क्या कुछ सामने लाती है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई