पोटका विधायक संजीव सरदार ने विजेता और उपविजेता टीमों को किया पुरस्कृत

पोटका विधायक संजीव सरदार ने विजेता और उपविजेता टीमों को किया पुरस्कृत

शंकरदा में भागाबांध ने फाइनल में मारी बाज़ी, ओपन लाइन रिचितुका को 1-0 से हराया

पोटका। शंकरदा पंचायत में खेरवाड़ माडेर लोवाडीह द्वारा आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खिताबी भिड़ंत में रुसिका स्पोर्ट्स भागाबांध की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओपन लाइन रिचितुका को 1-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भागाबांध की इस जीत के नायक पीथो सोरेन रहे, जिन्होंने शानदार गोल दागकर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। अंतिम समय तक ओपन लाइन रिचितुका की टीम ने बराबरी के लिए जोर लगाया, लेकिन भागाबांध के खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त कायम रखी।

32 टीमों ने लिया हिस्सा, सेमीफाइनल में भी दिखा रोमांच

टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। पहले सेमीफाइनल में मारंग बुरु एफसी और रुसिका स्पोर्ट्स भागाबांध के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भागाबांध ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में माडवा क्लब रानीकुदार और ओपन लाइन रिचितुका आमने-सामने थीं। पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल कर ओपन लाइन रिचितुका ने फाइनल का टिकट कटाया। दोनों टीमों के बीच हुए खिताबी मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित रखा।

विधायक संजीव सरदार ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

समापन समारोह में पोटका विधायक संजीव सरदार ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और खेल के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

विजेता को 30 हजार और उपविजेता को 20 हजार रुपये

आयोजन समिति की ओर से विजेता भागाबांध की टीम को 30 हजार रुपये और उपविजेता ओपन लाइन रिचितुका को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गयी। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए भी क्रमशः 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार निर्धारित था। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर जैसे व्यक्तिगत पुरस्कार भी रखे गये थे।

मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जोसाई मार्डी उपस्थित रहे, वही दुखु मार्डी, भूगलू टुडू समेत कई गणमान्य अतिथि, खिलाड़ी और सैकड़ों ग्रामीण मुक़ाबले को देखने पहुंचे थे। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई