सौरभ विष्णु के नेतृत्व में डिमना का संकल्प: पहले कचरा पूरी तरह हटे, फिर बने खेल मैदान
CPCB दिशानिर्देश: साफ की गई डंप भूमि पर कम से कम 15 वर्ष तक आवास नहीं; खुले स्टेडियम, खेल मैदान, पार्क अनुमत
जमशेदपुर। सौरभ विष्णु, अध्यक्ष, जन विकास मंच एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, के नेतृत्व में डिमना चौक से पारडीह चौक के बीच बसी कॉलोनियों एवं बस्तियों के प्रतिनिधियों ने आज वसुंधरा एस्टेट पहुंच मार्ग पर सभा कर सर्वसम्मति से तीन-सूत्री संकल्प पारित किया और संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की:
1. कचरा पूरी तरह हटे: डिमना चौक–पारडीह चौक के बीच की लगभग 13 एकड़ सरकारी भूमि पर डाला गया कचरा फैलाकर समतल करने, दबाने या जलाने के बजाय वैज्ञानिक ढंग से पूरी तरह हटाया जाए और भूमि को जांच के बाद सुरक्षित घोषित किया जाए।
2. जनता से पूछकर निर्णय: भूमि के भावी उपयोग पर अंतिम निर्णय से पहले आसपास के निवासियों से खुला जन-परामर्श हो।
3. डिमना का खेल मैदान: भूमि पर, अथवा उसके पर्याप्त भाग पर, बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों के लिए निःशुल्क सार्वजनिक खेल मैदान एवं जन-सुविधाएं विकसित हों।
सौरभ विष्णु ने कहा कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के “Guidelines for Disposal of Legacy Waste (Old Municipal Solid Waste)”, फरवरी 2019, खंड 4.4.4 (पृष्ठ 22) के अनुसार साफ किए गए कचरा स्थल पर कम से कम 15 वर्ष तक आवास की अनुमति नहीं है, और ऐसी भूमि के अनुमत उपयोगों में खुले स्टेडियम, खेल मैदान, पार्क एवं उद्यान शामिल हैं। दिशानिर्देशों के संबंधित अंश एवं मूल पृष्ठों की प्रतियां संलग्न हैं।
सौरभ विष्णु ने कहा कि यह भूमि आवासीय कॉलोनियों और बस्तियों के बीच, राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे है, और यहां हजारों परिवारों के बच्चों के खेलने के लिए सार्वजनिक खुली जगह की भारी कमी है। माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने 23 सितंबर 2026 के आदेश में इस भूमि पर नियमों के विरुद्ध डंपिंग रोकने का निर्देश दिया है; निवासी उस आदेश के पूर्ण पालन की मांग करते हैं। संकल्प पत्र प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर सहित ज्ञापन के रूप में उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को सौंपा जा रहा है, और क्षेत्र में घर-घर सर्वे शुरू किया गया है।
सौरभ विष्णु ने कहा, “हम वही मांग रहे हैं जो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अपने दिशानिर्देश कहते हैं — पहले कचरा पूरी तरह हटे और ज़मीन की वैज्ञानिक जांच हो, फिर खुला, हरा और सुरक्षित खेल मैदान बने। यह मांग किसी एक व्यक्ति या दल की नहीं, डिमना के हर घर की है। पहले सफाई, फिर डिमना तय करे।”
इस सभा में वसुंधरा स्टेट, रिपीट कॉलोनी, डिमना बस्ती, ग्वाला बस्ती, दलमा बेस कॉलोनी, चंद्रावती नगर, दलमा एन्क्लेव एवं शांति विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभा में प्रमुख रूप से सुमन शर्मा, दीपक, संदीप, पंकज तिवारी, बबलू सिंह, विनोद सिंह, बप्पी दा, दीपक तिवारी, पिंटो, शुभम शर्मा, आनंद पांडेय, विकास आनंद सिंह, पंकज प्रसाद, राकेश, बिपिन, राज कुमार यादव एवं विकास महतो उपस्थित रहे।





