चाईबासा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, उपायुक्त ने वार्डों का लिया जायजा

मरीजों और परिजनों से की बातचीत, आपातकालीन सेवाओं व ब्लड बैंक की व्यवस्था की ली जानकारी

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार एवं सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल के साथ सदर अस्पताल चाईबासा का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन एवं अस्पताल उपाधीक्षक भी मौजूद रहे। Sadar Hospital Chaibasa

अधिकारियों ने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इलाजरत मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था तथा किसी तरह की परेशानी के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही अस्पताल में चिकित्सकीय सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया।

ब्लड बैंक की व्यवस्था भी जांची

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रक्त अधिकोष (ब्लड बैंक) का भी जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न ब्लड ग्रुप के उपलब्ध स्टॉक, जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था तथा रिकॉर्ड संधारण की जानकारी ली। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि रक्त का स्टॉक नियमित रूप से अपडेट रखा जाए और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सदर अस्पताल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार, आवश्यक जांच, दवा और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई, मरीजों के लिए जरूरी सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा जहां सुधार की आवश्यकता हो, वहां तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने विशेष रूप से आपातकालीन सेवाओं और ब्लड बैंक की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही रक्त के स्टॉक, वितरण और आवश्यक ब्लड ग्रुप की उपलब्धता की नियमित निगरानी करने को कहा।

जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित निगरानी का उद्देश्य मरीजों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई