दलमा इको-सेंसिटिव जोन में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है

पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र के धुसरा गांव में अवैध तरीके से क्रशर मशीन चलाने और पत्थर खनन किए जाने की सूचना पर प्रशासनिक टीम ने छापेमारी की. इस दौरान अवैध क्रशर मशीन को सील कर दिया गया. मौके से जनरेटर, पत्थर के चिप्स और बोल्डर जब्त कर पटमदा थाना लाया गया. यह कार्रवाई जिला उपायुक्त के निर्देश पर धालभूम एसडीओ अर्नव पाण्डेय के नेतृत्व में की गयी.

कई सप्ताह से चल रहा था अवैध खनन

प्रशासन के अनुसार, धुसरा गांव में सुभाष कुमार साही द्वारा विगत कई सप्ताह से कथित तौर पर अवैध क्रशर संचालन और पत्थर खनन का काम किया जा रहा था. इसकी सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई की. छापेमारी अभियान में जिला खनन पदाधिकारी सतीश कुमार नायक समेत खनन, पुलिस, प्रदूषण नियंत्रण और वन विभाग के अधिकारी शामिल थे.

जनरेटर समेत स्टोन चिप्स और बोल्डर जब्त

छापेमारी के दौरान टाटा मैजिक वाहन पर लदा जनरेटर, 100 सीएफटी पत्थर के चिप्स और 150 सीएफटी बोल्डर जब्त किए गए. जब्त सामग्री को पटमदा थाना लाया गया. वहीं, संबंधित विभागों की टीम ने अवैध क्रशर मशीन को सील कर दिया.

कई विभागों की टीम रही मौजूद

कार्रवाई के दौरान धालभूम एसडीओ अर्नव मिश्रा, जिला खनन पदाधिकारी सतीश कुमार नायक, खान निरीक्षक ए मजूमदार, सीओ डॉ राजेंद्र कुमार दास, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता, प्रदूषण विभाग के जेई आफताब आलम, वन विभाग के प्रभारी फॉरेस्टर अंकित कुमार श्रीवास्तव, राजा घोष, लखी राम सरदार और सीजन टुडू उपस्थित थे.

Leave a Comment