जमशेदपुर: शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस ने QR कोड आधारित डिजिटल बीट पुलिसिंग प्रणाली का शुभारंभ किया है। इस नई व्यवस्था के जरिए पुलिस गश्ती की निगरानी अब डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिससे पुलिस की जवाबदेही और पारदर्शिता दोनों बढ़ेंगी।
नई प्रणाली के तहत पूरे जिले को शहरी क्षेत्र के 102 बीट और ग्रामीण क्षेत्र के 104 बीट में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बीट के लिए एक बीट पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है, जो अपने क्षेत्र में नियमित गश्त, अपराध संबंधी सूचनाओं का संकलन, आम लोगों से संवाद और अपराध निवारण की जिम्मेदारी निभाएंगे।
पुलिस द्वारा जिन स्थानों पर QR कोड लगाए गए हैं, उनका चयन पिछले पांच वर्षों के अपराध आंकड़ों के वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर किया गया है। इसके अलावा बाजार, परिवहन केंद्र, सार्वजनिक स्थल, संवेदनशील इलाकों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है।
ऐसे करेगी काम नई व्यवस्था
प्रत्येक बीट में चिन्हित स्थानों पर विशेष QR कोड लगाए गए हैं। टैंगो वाहन, पीसीआर और थाना गश्ती वाहन प्रत्येक ड्यूटी शिफ्ट के दौरान इन QR कोड को कम-से-कम दो बार स्कैन करेंगे। इससे संबंधित क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा।
वहीं, प्रत्येक बीट पदाधिकारी प्रतिदिन अपने क्षेत्र में पैदल या मोटरसाइकिल से गश्त करेंगे। विशेष रूप से शाम 5 बजे से 8 बजे के बीच उनकी सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। QR कोड स्कैनिंग के माध्यम से तैयार होने वाले डिजिटल रिकॉर्ड की निगरानी वरिष्ठ अधिकारी करेंगे, जिससे गश्त की नियमित समीक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित हो सकेगी।
अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद
जमशेदपुर पुलिस का मानना है कि यह प्रणाली अपराध संभावित क्षेत्रों की बेहतर निगरानी, पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और बीट पदाधिकारियों व गश्ती दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही बीट स्तर पर सूचना संकलन और सामुदायिक पुलिसिंग को भी मजबूती मिलेगी।
पुलिस ने बताए इस पहल के उद्देश्य
इस डिजिटल बीट पुलिसिंग प्रणाली के माध्यम से पुलिस का लक्ष्य शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में दृश्यमान पुलिसिंग को और प्रभावी बनाना, अपराध संभावित स्थानों पर नियमित पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करना, तकनीक के माध्यम से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाना तथा सक्रिय और निवारक पुलिसिंग के जरिए सड़क अपराधों सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
जमशेदपुर पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक और पारंपरिक बीट पुलिसिंग के समन्वय से शुरू की गई यह पहल पुलिस-जन सहयोग को नई मजबूती देगी। इससे प्रत्येक मोहल्ले और गांव में पुलिस की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी तथा आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत होगी।






