17 एवं 18 अगस्त को चैंबर भवन में सजेगा मानसून ट्रेड फेयर

प्रेस विज्ञप्ति

महिला उद्यमिता एवं हस्तकरघा उद्योग को मिलेगा नया आयाम

जमशेदपुर, 2 अगस्त। महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने तथा हस्तकरघा एवं कुटीर उद्योग से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आगामी 17 एवं 18 अगस्त, 2026 को चैंबर भवन, बिष्टुपुर में “मानसून ट्रेड फेयर-2026” का आयोजन किया जाएगा।

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा यह आयोजन प्रत्येक वर्ष दो बार किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा, कौशल एवं उद्यमशीलता का प्रदर्शन करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। यह आयोजन केवल एक व्यापारिक मेला नहीं, बल्कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का एक जनआंदोलन बन चुका है, जिसने अनेक महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भरता की नई पहचान दिलाई है।

इस वर्ष आयोजित होने वाले मानसून ट्रेड फेयर में शहर एवं आसपास की महिला उद्यमी अपने हस्तनिर्मित एवं आकर्षक उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। मेले में विभिन्न प्रकार की राखियां, कुर्तियां, साड़ियां, फैशन ज्वेलरी, चादरें, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, गृह सज्जा की आकर्षक सामग्री, हस्तशिल्प उत्पाद, गिफ्ट आइटम तथा दैनिक उपयोग की अनेक उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अतिरिक्त कई महिला उद्यमी अपने नवाचार एवं रचनात्मक उत्पादों को भी प्रदर्शित करेंगी, जिससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर का उद्देश्य केवल व्यापार को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता किसी भी विकसित अर्थव्यवस्था की आधारशिला होती है और चैंबर लगातार ऐसे मंच उपलब्ध करा रहा है, जहां महिलाएं अपने हुनर को व्यवसाय का रूप देकर आत्मनिर्भर बन सकें।

उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि मानसून ट्रेड फेयर महिलाओं के लिए अपने उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का एक उत्कृष्ट अवसर है। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय हस्तकरघा, हस्तशिल्प एवं कुटीर उद्योग को नई पहचान मिलेगी तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें।

महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि चैंबर द्वारा आयोजित यह ट्रेड फेयर वर्षों से महिला उद्यमियों के लिए एक भरोसेमंद मंच बना हुआ है। यहां उन्हें अपने उत्पादों के विपणन के साथ-साथ ग्राहकों से सीधे संवाद स्थापित करने और नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि इस बार भी मेले में विविध प्रकार के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे आगंतुकों को गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।

सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स)भरत मकानी एवं संयोजक श्रीमती सुमन नागेलिया ने बताया कि प्रथम आओ प्रथम पाओ की तर्ज़ पर स्टाल बुकिंग जारी है।उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे 17 एवं 18 अगस्त को चैंबर भवन पहुंचकर इस आयोजन का हिस्सा बनें, महिला उद्यमियों का मनोबल बढ़ाएं तथा स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर महिला सशक्तिकरण की इस मुहिम को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई