जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के कालियाडीह स्थित कैनाल में 26 जुलाई को मिली महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला है। शादी का दबाव बनाए जाने से नाराज प्रेमी ने महिला की पानी में डुबोकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कैनाल में बहा दिया।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पोटका निवासी दासमत बास्के को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है। उसके खिलाफ परसुडीह थाना में हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शादी से इनकार पर रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, मृतका और आरोपी दोनों पहले से शादीशुदा थे। महिला का अपने पति से अलगाव हो चुका था और वह जुगसलाई थाना क्षेत्र के बंगालीपाड़ा स्थित अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान दासमत बास्के से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
जांच में सामने आया कि महिला आरोपी पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी ऐसा नहीं चाहता था। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई। 25 जुलाई को वह महिला को स्कूटी से कालियाडीह कैनाल के पास ले गया, जहां पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को दूसरी दिशा देने और पहचान छिपाने की नीयत से उसने महिला के कपड़े उतार दिए तथा शव को कैनाल में बहा दिया।
26 जुलाई को मिला था शव
गौरतलब है कि 26 जुलाई को परसुडीह थाना पुलिस ने कालियाडीह कैनाल से एक अज्ञात महिला का नग्न शव बरामद किया था। बाद में उसकी पहचान जुगसलाई के बंगालीपाड़ा निवासी 45 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई। प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।






