जेपीएससी, जेएसएससी एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में भाजपा का मशाल जुलूस, सरकार पर साधा निशाना

जमशेदपुर:राज्य में 14वीं जेपीएससी, जेएसएससी एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, धांधली, अनियमितता और वादाखिलाफी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में शनिवार को साकची स्थित जिला कार्यालय से बड़ा गोलचक्कर तक मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च निकाला गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं को न्याय दिलाने की मांग की।

मशाल जुलूस के समापन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता एवं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में मौजूदा सरकार के कार्यकाल में जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार विवाद, प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार को इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए।

वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने भी राज्य सरकार और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में जेपीएससी अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी झारखंड के युवाओं के मुद्दों पर चुप क्यों हैं और राज्य सरकार से जवाबदेही तथा संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग क्यों नहीं कर रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा पारदर्शी और समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।

इस मशाल जुलूस एवं आक्रोश मार्च में भाजपा जमशेदपुर महानगर के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक उपस्थित रहे।

Leave a Comment