जमशेदपुर: झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने सर्वोच्च न्यायालय के हालिया फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अदालत ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार करते हुए भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह के खिलाफ कोल ब्लॉक आवंटन से जुड़े आपराधिक मामले को समाप्त कर दिया है।
राकेश तिवारी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के दो वर्ष बाद आए इस फैसले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि “सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।” उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह न केवल भारत बल्कि विश्व के प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों में शामिल थे। वे एक ईमानदार, सरल, दूरदर्शी और विनम्र राजनेता थे, जिन्होंने लंबे समय तक राजनीतिक हमलों का सामना किया, लेकिन कभी व्यक्तिगत प्रतिशोध की राजनीति नहीं की।
उन्होंने कहा कि ऐसे ईमानदार नेता की छवि को कोई भी ताकत धूमिल नहीं कर सकती। पूरा देश उन्हें उनकी ईमानदारी, सादगी, विनम्रता और राष्ट्र के विकास में दिए गए योगदान के लिए सदैव याद रखेगा।





