जमशेदपुर: वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर परसुडीह थाना द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत एबीएमपीए उच्च विद्यालय में कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था।
इस कार्यक्रम में परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार, विद्यालय की प्रधानाचार्या संगीता रंजन, शिक्षक शंभूनाथ महतो, मुकेश कुमार रजक तथा एएसआई संदीप कुमार उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की 108 एम्बुलेंस सेवा की जानकारी देते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में इस सेवा का लाभ उठाया जा सकता है। साथ ही बच्चों को कम उम्र में वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अंधविश्वास और डायन प्रथा जैसी कुरीतियों पर भी उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डायन जैसी मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है और समाज को ऐसे अंधविश्वासों से दूर रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग एवं सरकार द्वारा जारी विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने भी खुलकर अपने सवाल पूछे और पुलिस अधिकारियों से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या संगीता रंजन ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित करते हैं। उन्होंने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित होने चाहिए।





