डुमरिया:- पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड के कांटाशोल पंचायत अंतर्गत पीतामोहाली प्राथमिक विद्यालय परिसर में कलामंदिर के सहयोग से TSDPL यूनियन एवं उसकी DACHS टीम द्वारा मंगलवार को निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर सबर जनजाति एवं अन्य ग्रामीण समुदायों को उनके गांव के समीप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर में पीतामोहाली, सतबाखरा, घाघदा, मरांगसोंघा एवं नुनिया गांव के कुल 272 ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों के बीच वस्त्र भी वितरित किए गए।
चिकित्सा शिविर में TSDPL की ओर से डॉ. आशीष, गौरव एवं DACHS टीम ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। वहीं पीतामोहाली के ग्राम प्रधान सुरू टुडू ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कलामंदिर की ओर से आनंद, तेजप्रताप, बिनीत, परेश, गालु और महेश्वर सहित अन्य सदस्यों ने पंजीकरण, व्यवस्था एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाई।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होते हैं। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का भरोसा जताया।



