संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष पर भाजपा जमशेदपुर महानगर चलाएगी समरसता संकल्प अभियान, सामाजिक समरसता का संदेश घर-घर पहुंचाएगी भाजपा

जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर द्वारा मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जाने वाले “समरसता संकल्प अभियान” की विस्तृत जानकारी दी गई। साकची स्थित जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक पूरे देश में राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक थे। उनका “बेगमपुरा” का दर्शन एक ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, अन्याय और शोषण न हो और प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। उन्होंने सदियों पूर्व समानता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

उन्होंने बताया कि अभियान के शुभारंभ के अवसर पर 29 जुलाई की संध्या को जमशेदपुर महानगर समेत राज्य एवं देश के मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।

इसके साथ ही “कलश वंदन अभियान” के माध्यम से वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के राज्यों, जिलों एवं मंडलों तक पहुंचाए जाएंगे। आगे चलकर 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी तक “संत गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। अभियान के अंतर्गत संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क अभियान, समरसता संवाद, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न जनजागरण गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प का मूल आधार संत गुरु रविदास महाराज के विचार हैं। भाजपा का यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता एवं विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक “संत संपर्क अभियान” के तहत भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता संत गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संत-महात्माओं सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं के पूज्य संतों से भेंट कर उनका सम्मान करेंगे एवं सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।

श्री सिन्हा ने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला, मंडल के आयोजन समितियों का गठन किया जा रहा है। जिसमें एक संयोजक एवं चार सह संयोजक की नियुक्ति की गई है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता में भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जिला कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया भी मौजूद रहे।

भवदीय,
प्रेम झा

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज परिवहन विभाग एवं टाटा मोटर्स लिमिटेड के मध्य इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग, ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR), जमशेदपुर की स्थापना हेतु आयोजित मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) हस्ताक्षर समारोह में हुए सम्मिलित