जमशेदपुर: मानगो नगर निगम में 27 जुलाई को विधायक सरयू राय द्वारा प्रस्तावित महाधरना से एक दिन पहले कांग्रेस ने प्रेस वार्ता आयोजित कर उनके आंदोलन पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह धरना जनहित का नहीं, बल्कि व्यक्तिगत हितों की रक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विधायक सरयू राय का यह आंदोलन “महाधरना” नहीं बल्कि “विधवा विलाप धरना” है। उनका आरोप था कि धरने के माध्यम से विधायक अपने करीबी एवं मानगो नगर निगम के पूर्व पदाधिकारी कृष्णा कुमार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ संवेदकों (ठेकेदारों) की लंबित भुगतान राशि पास कराने के लिए नगर निगम पर दबाव बनाने की मंशा से यह धरना आयोजित किया जा रहा है। नेताओं का कहना था कि इसे जनसमस्याओं के समाधान के नाम पर राजनीतिक रूप दिया जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विधायक सरयू राय पर कई अन्य गंभीर आरोप भी लगाए और कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो इन आरोपों से जुड़े तथ्यों को भी सार्वजनिक किया जाएगा।
गौरतलब है कि विधायक सरयू राय ने 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय में विभिन्न जनसमस्याओं और कथित अनियमितताओं को लेकर महाधरना की घोषणा की है। ऐसे में धरने से पहले कांग्रेस के इस पलटवार से स्थानीय राजनीति गरमा गई है।





