घाटशिला:- झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ का तीसरा स्थापना दिवस रविवार, 26 जुलाई 2026 को घाटशिला के विभूति बिहार में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष आनन्द हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के पदाधिकारियों द्वारा मौभंडार स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर संगठन के तीन वर्ष पूरे होने की खुशी मनाई गई।
बैठक में विगत तीन वर्षों के दौरान संघ द्वारा किए गए जनहित के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी जनआंदोलनों, झारखंडी विचारधारा, भाषा, संस्कृति, सभ्यता एवं आदिवासीयत के संरक्षण और संवर्धन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर संघ के केंद्रीय प्रवक्ता रामचन्द्र सोरेन ने पांच सूत्री प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रस्ताव के आधार पर भविष्य में जनआंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया, जिसका सभी पदाधिकारियों ने एकमत होकर समर्थन किया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने झारखंडी एकता को मजबूत करने तथा संघ के उद्देश्य और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय महासचिव मुकेश कर्मकार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन केंद्रीय सचिव प्रकाश मुखी ने किया।
इस अवसर पर सलाहकार सुराई बास्के, सुनील माद्री, सुजाता मंडी, कंचन करुवा, सुनील कुमार बानसिंह, मनोज मुखी, बिंदु सोरेन, महेश करुवा, अजय मुखी, रवि मुखी, सुनील मुखी, गोविंद बेहरा सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।





