रांची : राजधानी रांची में रातू रोड जंक्शन (न्यू मार्केट) से एचईसी गेट तक जाने वाली सड़क की हालत जल्द सुधरने वाली है। झारखंड सरकार ने इस महत्वपूर्ण सड़क के सतह नवीकरण (री-सर्फेसिंग) के लिए ₹4 करोड़ 73 लाख 37 हजार 100 की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।
करीब 7.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क का नए सिरे से नवीकरण किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग के अनुसार सड़क कई स्थानों पर जर्जर हो चुकी है और ऊपरी परत उखड़ जाने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए सड़क के नवीकरण का निर्णय लिया गया है।
यह सड़क रातू रोड जंक्शन (न्यू मार्केट) से बिरसा राजपथ होते हुए एचईसी गेट तक जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन और बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क के नवीकरण के बाद यातायात अधिक सुगम होगा और लोगों को बेहतर सफर का अनुभव मिलेगा।
सरकार ने इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता करेंगे, जबकि रांची पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता परियोजना की राशि की निकासी एवं खर्च की जिम्मेदारी संभालेंगे।





