झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत कराईकेला थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है
जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की रात करीब 9.30 बजे कराईकेला के थाना प्रभारी को सूचना मिली कि कराईकेला बाजार-हाट मैदान में एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलने पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके निर्देश पर थाना प्रभारी प्यारे हसन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल जब कराईकेला बाजार-हाट मैदान पहुंचा तो पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बागराय नाग (19 वर्ष), पिता मुचराय नाग, निवासी लोटाबुरु, दलभंगा ओपी (कुचाई थाना), जिला सरायकेला- खरसावां बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। हथियार का वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बाइक (संख्या JH01CG-6716) से कराईकेला बाजार एक व्यक्ति को धमकाकर पैसे वसूलने आया था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कराईकेला थाना लाकर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामद सामान
एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन और बाइक
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी बागराय नाग के विरुद्ध दलभंगा ओपी (कुचाई थाना) में कांड संख्या 28/2023, दिनांक 21 सितंबर 2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302/ 201/ 34 में हत्या का मामला पहले से दर्ज है।
छापामारी दल
थाना प्रभारी प्यारे हसन, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार, कराईकेला थाना के रिजर्व गार्ड शामिल रहे।



