चम्पाई सोरेन ने राजनगर के ग्राम बांदुवा को दी उप स्वास्थ्य केंद्र की सौगात

राजनगर। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ग्राम बांदुवा में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चम्पाई सोरेन ने विधिवत भूमि पूजन कर किया।

इस अवसर पर चम्पाई सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से बांदुवा एवं आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी। इससे लोगों को सामान्य उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना समय की आवश्यकता है और सरकार इस दिशा में ध्यान देने की जरूरत है। उप स्वास्थ्य केंद्र बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनका समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

पूर्व सीएम ने इस मौके पर राज्य सरकार की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में सरायकेला में एक बड़ा 100 बेड का अस्पताल बनवाया था, जिसका भवन डेढ़ साल से बन कर तैयार है, लेकिन सरकार उसे शुरू ही नहीं करना चाहती है।

इस कार्यक्रम में मुखिया राजो टुडू, दिलीप राउत, लिपू मोहंती, सानंद आचार्या, करमू पान, सुराई मुर्मू, मनसुख कुजूर, राकेश सतपति, गोरा सतपति, डोबरा देवगम, कृष्णा मार्डी, विक्रम मार्डी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment