संजय सेठ के सांसद निधि से निर्मित दो ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का उद्घाटन

संजय सेठ के सांसद निधि से निर्मित दो ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का उद्घाटन

ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सुविधा और सम्मान हमारी जिम्मेदारी : संजय सेठ

रांची। रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद श्री संजय सेठ की सांसद निधि से रातू रोड स्थित ओटीसी ग्राउंड तथा इटकी रोड स्थित झारखंड नर्सरी के समीप दो आधुनिक ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का निर्माण कराया गया। सोमवार को रक्षा राज्य मंत्री के साथ विधायक श्री नवीन जायसवाल एवं रांची की महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने इन दोनों ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का लोकार्पण किया तथा पुलिस प्रशासन को समर्पित करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को इसकी चाबी सौंपी।

इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी वर्षभर भीषण गर्मी, बारिश, ठंड और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे कर्मठ पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा दायित्व है। इन्हीं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सांसद निधि से इन आधुनिक ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने कहा कि इन ट्रैफिक पुलिस पोस्ट के माध्यम से ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को धूप, बारिश एवं अन्य प्रतिकूल मौसम से राहत मिलेगी। साथ ही उन्हें सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध होगा, जिससे वे और अधिक दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।

श्री संजय सेठ ने कहा कि जनसेवा में निरंतर समर्पित ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के सम्मान और उनकी कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस बल की सुविधा के लिए किया गया यह प्रयास जनसेवा, सुशासन और नागरिक सुविधाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का एक सार्थक उदाहरण है।

लोकार्पण कार्यक्रम में राज्यसभा के पूर्व सांसद श्री अजय मारू, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री श्री बलराम सिंह, श्री राजू सिंह, श्री संजय जायसवाल, मंडल अध्यक्ष श्री अशोक मुंडा, पार्षद श्री अजीत भगत, श्री मुकेश काबरा, श्री तरुण जायसवाल, श्री रवि मेहता, श्री उमेश यादव, श्री ओम प्रकाश पांडेय, श्री सुबेश पांडेय, श्री संजीव चौधरी, श्री मंटू केसरी, श्री देवन होंडा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई