रांची के कारोबारी से दो करोड़ की रंगदारी की मांग, बेटे की हत्या और बमबारी की धमकी
रांची : राजधानी के कांके थाना क्षेत्र के एक कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने, परिवार पर हमला करने, पेट्रोल पंप व अन्य संपत्तियों पर बमबारी तथा बेटे की हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कांके थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कांके ब्लॉक चौक, कुमार बाग रोड निवासी कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह (59) ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 3 जुलाई की रात उनके मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने 10 दिनों के भीतर दो करोड़ रुपये देने की मांग की और इंकार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने नंबर ब्लॉक कर दिया।
शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई को उसी तरह के अंतरराष्ट्रीय नंबर से दोबारा कॉल आया। कॉल रिसीव नहीं करने पर व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश में एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ रुपये और हर महीने 10 लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की गई। साथ ही पैसे नहीं देने पर पेट्रोल पंप, घर और निर्माणाधीन मॉल पर बमबारी व गोलीबारी कराने तथा उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को “खून से लाल” कर देने की धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, संदेश में उनके परिवार की पूरी जानकारी होने का दावा करते हुए बेटे की हत्या करने की भी धमकी दी गई। संदेश में कहा गया कि यदि पहले की तरह इस बार भी चेतावनी को नजरअंदाज किया गया तो उनके बेटे की हत्या कर दी जाएगी।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि धमकी भरे संदेश के अंत में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला तथा राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा हुआ था। शिकायतकर्ता ने संबंधित व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
आशुतोष कुमार सिंह ने अपने आवेदन में यह भी बताया कि करीब एक माह से उनके भतीजे द्वारा घर पर कब्जा किए जाने का विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि जब भी वह मकान खाली करने की बात करते हैं, उन्हें इस तरह की धमकियां मिलने लगती हैं।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। धमकी देने वालों की पहचान, कॉल और व्हाट्सएप संदेश की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।






