रांची में 26 जुलाई से शुरू होंगे 135वें डूरंड कप के मुकाबले, तैयारियां तेज

रांची में 26 जुलाई से शुरू होंगे 135वें डूरंड कप के मुकाबले, तैयारियां तेज

रांची: एशिया के सबसे पुराने और दुनिया के तीसरे सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। पहली बार रांची इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। राजधानी के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 जुलाई से ग्रुप-सी के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि पूरे टूर्नामेंट का आयोजन 25 जुलाई से 23 अगस्त तक पांच शहरों में होगा।

इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्टेडियम का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी रांची के लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग एक टीम की तरह कार्य करें।

रांची में ग्रुप-सी के मुकाबले

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ग्रुप-सी के सभी मैच खेले जाएंगे। इस ग्रुप में जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और पहली बार भाग ले रही श्रीलंका सशस्त्र बलों की डिफेंडर्स एफसी शामिल हैं।

रांची में पहला मुकाबला 26 जुलाई को जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच होगा। ग्रुप चरण का अंतिम मैच 13 अगस्त को जमशेदपुर एफसी और भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम के बीच खेला जाएगा। इसके अलावा 16 अगस्त को रांची में एक क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी आयोजित होगा।

सुरक्षा और ट्रैफिक पर विशेष जोर

प्रशासन ने स्टेडियम में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश द्वारों पर कड़ी जांच, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, एंबुलेंस, चिकित्सकों की टीम, प्राथमिक उपचार केंद्र, अग्निशमन और विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि डूरंड कप की शुरुआत वर्ष 1888 में हुई थी। भारतीय सेना द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता भारतीय फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई