मनोहरपुर स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और समयबद्ध परिचालन की मांग, डीआरएम को सौंपा ज्ञापन
मनोहरपुर: नागरिक सुविधा समिति मनोहरपुर और क्षेत्र के ग्रामीणों ने सुशील बारला के नेतृत्व में दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को ज्ञापन सौंपकर मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव तथा विभिन्न ट्रेनों का निर्धारित समय पर परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि मनोहरपुर रेलवे स्टेशन लोहांचल क्षेत्र का प्रमुख स्टेशन है। यहां से चिरिया, गुवा, किरीबुरू, जामदा और ओडिशा के बड़बिल क्षेत्र के लोग रांची, जमशेदपुर, कोलकाता, दिल्ली, पुरी तथा देश के अन्य शहरों की यात्रा करते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सरकारी कार्य, न्यायालय, शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इसी स्टेशन का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मनोहरपुर आयरन ओर साइडिंग से रेलवे को हर वर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों को अपेक्षित रेल सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। साथ ही जिन ट्रेनों का ठहराव मनोहरपुर में है, उनके भी समय पर नहीं पहुंचने से यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

समिति ने टाटा-यशवंतपुर एक्सप्रेस (18111/18112), हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस (12833/12834), टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) तथा हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129/12130) का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा जगदलपुर एक्सप्रेस (18108) को राउरकेला से टाटानगर तक विस्तारित करते हुए मनोहरपुर, गोइलकेरा, सोनुआ और चक्रधरपुर स्टेशनों पर ठहराव देने की मांग की गई। साथ ही राउरकेला-टाटानगर पैसेंजर (68044), चक्रधरपुर-राउरकेला पैसेंजर (68025), पुरी-हरिद्वार उत्कल एक्सप्रेस (18477), आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस (13288), हावड़ा-जूनागढ़ इस्पात एक्सप्रेस (12871) तथा हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस (22861) का निर्धारित समय पर परिचालन सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में रेलवे प्रशासन से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए अधोहस्ताक्षरियों को कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध किया गया।
डीआरएम को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में सुशील बारला, सेवानिवृत्त शिक्षक अश्विनी बाधेल, निसार अहमद, सीमा मुंडारी, बलदेव जाते और मनोज नायक शामिल थे।





