झारखंड पुलिस में 24 आयुधिक हवलदार बने अवर निरीक्षक, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया पदोन्नति आदेश

झारखंड पुलिस में 24 आयुधिक हवलदार बने अवर निरीक्षक, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया पदोन्नति आदेश

रांची:झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के 24 आयुधिक हवलदारों को पदोन्नत करते हुए आयुधिक अवर निरीक्षक (आयुधिक जमादार) बनाया है। इस संबंध में मुख्यालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। यह पदोन्नति केंद्रीय चयन पर्षद की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर दी गई है और आदेश जारी होने की तिथि से प्रभावी मानी जाएगी।

पदोन्नत अधिकारियों को सरकार द्वारा निर्धारित वेतनमान के अनुसार पे-बैंड-II (₹9300–34800), ग्रेड पे ₹4200 तथा पे-मैट्रिक्स लेवल-6 का लाभ मिलेगा। हालांकि नए पद का आर्थिक लाभ संबंधित अधिकारी के पदभार ग्रहण करने की तिथि से देय होगा।

पदोन्नति प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मी रांची, रामगढ़, गुमला, जमशेदपुर, धनबाद, कोडरमा सहित विभिन्न जिलों के अलावा जैप, झारखंड जगुआर, विशेष शाखा, सीटीसी मुसाबनी और जेपीए हजारीबाग जैसी इकाइयों में कार्यरत हैं।

पुलिस मुख्यालय ने पदोन्नति के साथ कई शर्तें भी निर्धारित की हैं। जिन अधिकारियों ने अभी तक हिंदी टिप्पण एवं प्रारूपण परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, उन्हें एक वर्ष के भीतर परीक्षा पास करनी होगी। निर्धारित अवधि में परीक्षा उत्तीर्ण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी को पुनः मूल पद पर भेजा जा सकता है।

इसके अतिरिक्त जिन अधिकारियों के विरुद्ध न्यायालय में मामला लंबित है, विभागीय कार्रवाई जारी है अथवा पिछले तीन वर्षों में कोई गंभीर दंड मिला है, उनकी पदोन्नति पर रोक लगाई जा सकती है। भविष्य में वरिष्ठता से संबंधित किसी न्यायिक या प्रशासनिक निर्णय की स्थिति में वरीयता सूची में आवश्यक संशोधन भी किया जाएगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई