राम मंदिर दान घोटाला मामले में सांसद सुखदेव भगत ने उठाए गंभीर सवाल, बोले

राम मंदिर दान घोटाला मामले में सांसद सुखदेव भगत ने उठाए गंभीर सवाल, बोले

बड़ी मछलियों को बचाने की हो रही कोशिश, न्यायिक जांच कराए सरकार

लोहरदगा कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने अयोध्या राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान में कथित गड़बड़ी और धन के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो।सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि इस मामले में जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए थी, उनके खिलाफ अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हालांकि जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया, लेकिन मामले से जुड़े प्रमुख लोगों के खिलाफ कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। इससे यह संदेह गहराता है कि प्रभावशाली और बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े दान में अनियमितता के आरोप सामने आते हैं, तो सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कराए।

केवल एसआईटी गठित कर देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई भी होनी चाहिए। सुखदेव भगत ने कहा कि देश की जनता चाहती है कि कानून सभी के लिए समान रूप से लागू हो। यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या वित्तीय अनियमितता हुई है, तो किसी भी व्यक्ति को उसके पद, प्रभाव या पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायिक जांच से ही पूरे मामले की निष्पक्ष सच्चाई सामने आएगी और जनता का विश्वास कायम रहेगा। कांग्रेस सांसद ने केंद्र सरकार से मांग की कि मामले में तत्काल न्यायिक आयोग का गठन कर उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जिन लोगों की भूमिका संदिग्ध है, उनके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई