दिव्यांगजनों के लिए रोजगार का बड़ा अवसर, सिंहभूम चैम्बर में भर्ती कैम्प आयोजित
जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा यंग इंडियन एवं लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट के सहयोग से शुक्रवार को चैम्बर भवन में “स्माईल परियोजना” के अंतर्गत दिव्यांगजनों हेतु विशेष रोजगार भर्ती कैम्प का आयोजन किया गया। इस कैम्प का उद्देश्य कोल्हान एवं जमशेदपुर क्षेत्र के दिव्यांग युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने किया। उद्घाटन के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सिंहभूम चैम्बर, यंग इंडियन एवं सहयोगी संस्थाओं की यह पहल काफी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि “प्रोजेक्ट स्माईल” के माध्यम से दिव्यांग युवाओं को रोजगार पाने में आसानी होगी और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
सिंहभूम चैम्बर ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत लगातार दिव्यांगजनों के लिए रोजगार भर्ती कैम्प आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई है। चैम्बर का मानना है कि दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर किसी भी संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस भर्ती कैम्प में लगभग 100 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। इसमें औद्योगिक इकाइयों, होटल, सर्विस सेक्टर और कॉल सेंटर से जुड़ी कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल रहीं। प्रमुख कंपनियों में टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, मेटाग्रेल ट्यूब्स, होटल एनएच हिल्स, होटल रमाडा, होटल अल्कोर, एलिमेंट्स कॉर्पोरेशन, स्ट्रीम डिजिटल सर्विस, भालोटिया इंजीनियरिंग वर्क्स प्रा. लि., आरएसबी ट्रांसमिशन, एएसएल इंटरप्राइजेज, उत्कल ऑटोमोबाइल्स समेत कई अन्य कंपनियां शामिल थीं।
कैम्प में कंपनियों ने अपनी आवश्यकताओं के अनुसार दिव्यांग अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। आयोजकों के अनुसार इस भर्ती कैम्प के माध्यम से लगभग 150 से 200 दिव्यांग युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, भरत मकानी, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया तथा यंग इंडियंस की चेयरमैन श्रुति झुनझुनवाला, को-चेयरमैन भाविन गांधी एवं आकाश केडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने बताया कि लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट से जुड़े दिव्यांगजन ही इस विशेष भर्ती कैम्प का लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांग युवा एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।







