बकरीद को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न, प्रशासन ने शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की
जमशेदपुर : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला स्तरीय केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त राजीव रंजन ने की। इस अवसर पर सिटी एसपी ललित मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्नव मिश्रा सहित जिले के कई वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के डीएसपी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान शांति समिति के सदस्यों ने बकरीद पर्व के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं, स्थानीय मुद्दों, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों को प्रशासन के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा।
उपायुक्त ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बकरीद के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
बैठक के अंत में प्रशासन की ओर से सभी धर्मों एवं समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और सहयोग की भावना के साथ बकरीद पर्व मनाने की अपील की गई, ताकि जिले में शांति और सामाजिक समरसता बनी रहे।







