55 लाख बंटवारा कांड में बड़ा खुलासा : आकाश-विकास पर गोली चलाने वाला सोनू यादव पटना से गिरफ्तार

55 लाख बंटवारा कांड में बड़ा खुलासा : आकाश-विकास पर गोली चलाने वाला सोनू यादव पटना से गिरफ्तार

रांची : राजधानी रांची के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित तेल मील गली में 19 जनवरी 2026 को हुए चर्चित फायरिंग कांड में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आकाश सिंह और विकास सिंह पर गोली चलाने वाले आरोपी सोनू यादव को पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार, एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रांची पुलिस की विशेष टीम ने पटना के बिहटा इलाके में छापेमारी कर सोनू यादव को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी देवी मंडप रोड का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसे पटना से रांची लेकर पहुंच चुकी है, जहां गुप्त स्थान पर रखकर उससे पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि 55 लाख रुपये के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में यह फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में पुलिस जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर सकती है।

कमल भूषण हत्याकांड में भी सामने आया था नाम

गिरफ्तार सोनू यादव का नाम राजधानी के चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड में भी सामने आ चुका है। जांच में खुलासा हुआ था कि हत्या से पहले सोनू यादव ने ही कमल भूषण की रेकी की थी। पूछताछ के दौरान उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पूरी साजिश और प्लानिंग की जानकारी पुलिस को दी थी।

इतना ही नहीं, कमल भूषण के अकाउंटेंट संजय हत्याकांड में भी सोनू यादव की भूमिका सामने आई थी। उस मामले में भी रांची police ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

Leave a Comment