एग्रीको में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी पर पत्नी, बेटी और बेटे की हत्या का आरोप
जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रीको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर नंबर एल-13 में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक महिला, उसकी गर्भवती बेटी और बेटा शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह पर अपनी पत्नी, बेटी और बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही एग्रीको और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल के बाहर जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे घर को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर के अंदर से तीनों शव बरामद किए। मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55), सुप्रिया सिंह (31) और रविशेक कुमार (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुप्रिया सिंह शादीशुदा थी और गर्भवती भी थी
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर खून से लथपथ शव पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार, संभवतः कुल्हाड़ी, से हमला किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से हत्या में इस्तेमाल हथियार की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार रविंद्र प्रसाद सिंह इसी वर्ष फरवरी महीने में टाटा स्टील से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद से परिवार में घरेलू विवाद होने की बातें पड़ोसियों द्वारा कही जा रही हैं। हालांकि विवाद किस बात को लेकर था और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे एग्रीको इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार सामान्य रूप से रहता था और किसी ने इतनी बड़ी घटना की कल्पना भी नहीं की थी। एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या की खबर से लोग स्तब्ध हैं।
सिदगोड़ा थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घर से मिले साक्ष्यों को खंगाल रही है। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाए जाने की संभावना है ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से सबूत जुटाए जा सकें। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इस ट्रिपल मर्डर की घटना ने पूरे जमशेदपुर को झकझोर कर रख दिया है।







