ब्रेकिंग न्यूज़ | जमशेदपुर के टेल्को में फायरिंग से दहशत, जेम्को मिश्रा बगान में अपराधियों ने चलायी तीन राउंड गोलियां
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को स्थित मिश्रा बगान इलाके में शुक्रवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक/कार से पहुंचे अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। अपराधियों द्वारा तीन राउंड गोलियां चलायी गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो अपराधी एक वाहन से मौके पर पहुंचे और निशाना साधते हुए फायरिंग कर फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई और इलाके में भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मिश्रा बगान इलाके में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव और विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद को लेकर अपराधियों ने शक्ति प्रदर्शन या डराने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि जिस स्थान पर फायरिंग हुई, उसके पास ही झामुमो का स्थानीय कार्यालय भी स्थित है, जिससे घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।







