जमशेदपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार, तीन चोरी के वाहन बरामद

जमशेदपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार, तीन चोरी के वाहन बरामद
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की तीन गाड़ियां बरामद की हैं। इस संबंध में सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 66/2026, दिनांक 07 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2)/3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में 6 और 7 मई की रात पुलिस नियमित गश्ती पर थी। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास पुलिस की नजर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर पड़ी, जिस पर दो युवक सवार थे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों युवक घबरा गए और बाइक घुमाकर भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए सशस्त्र बल की मदद से दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान रंजीत दिवर (27) और शेखर प्रमाणिक (27) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों युवक बाइक के कागजात नहीं दिखा सके। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने कबूल किया कि बाइक चोरी की है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि उनके दो अन्य साथी सिदगोड़ा बारीडीह हाई स्कूल के पास स्थित एक खाली पड़े खंडहर क्वार्टर में दो चोरी की स्कूटी छिपाकर रखे हुए हैं और उनके पार्ट्स खोलकर बेचने की योजना बना रहे थे।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापेमारी की। पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष भुईया उर्फ गोलू (21) और राज खान उर्फ आयुब अंसारी उर्फ फिरोज खान के रूप में हुई। मौके से दो स्कूटी बरामद की गई, जिनमें से एक स्कूटी के पार्ट्स पहले ही खोले जा चुके थे।
पुलिस ने घटनास्थल से एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक काले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक नीले रंग की सुजुकी स्कूटी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरोह चोरी की गाड़ियों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेचने का काम करता था।
सिदगोड़ा थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने शहर के किन-किन इलाकों से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
इस कार्रवाई से वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इलाके के लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई