जमशेदपुर:टाटा स्टील के नाम पर फर्जी नौकरी का विज्ञापन वायरल
▪️ कंपनी प्रबंधन ने विज्ञापन को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया
जमशेदपुर स्थित देश की प्रतिष्ठित स्टील कंपनी टाटा स्टील के नाम पर सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया में इन दिनों फर्जी नौकरी विज्ञापन तेजी से वायरल हो रहा है। इस विज्ञापन में आठवीं पास युवाओं को नौकरी देने का दावा कर 1100 रुपये प्रतिदिन मजदूरी और मुफ्त भोजन का लालच दिया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी प्रबंधन ने इसे पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है।वायरल विज्ञापन में दावा किया गया है कि टाटा स्टील में ‘हेल्पर’ पद पर तत्काल भर्ती की जा रही है। इसमें सेकंड पार्टी पे-रोल के तहत 12 घंटे की ड्यूटी, 1100 रुपये दैनिक भुगतान, ओवरटाइम और फ्री खाना जैसी सुविधाओं का जिक्र किया गया है।हालांकि कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि टाटा स्टील इस प्रकार सोशल मीडिया या मोबाइल नंबरों के जरिए भर्ती प्रक्रिया नहीं चलाती।कंपनी ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी अनजान नंबर, एजेंट या विज्ञापन के झांसे में न आएं और किसी प्रकार का भुगतान न करें।
कंपनी ने कहा है कि नौकरी से जुड़ी सभी वैध सूचनाएं केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जारी की जाती हैं। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को सलाह दी गई है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें।







