टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी, रेलवे ने शुरू की प्रारंभिक तैयारियां

टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी, रेलवे ने शुरू की प्रारंभिक तैयारियां
जमशेदपुर : South Eastern Railway के चक्रधरपुर मंडल की ओर से टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर बड़ी पहल की गई है। रेलवे प्रशासन ने अमृत स्टेशन योजना के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और पुनर्विकास कार्य को गति देने के लिए प्रारंभिक चरण की कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं।
दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर मंडल के मुख्य परियोजना प्रबंधक (विद्युतीकरण/सामान्य सेवाएं) कार्यालय से जारी पत्र में बताया गया है कि टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को शीघ्र शुरू करने के उद्देश्य से आवश्यक प्रारंभिक कार्यों को पूरा किया जा रहा है। यह जानकारी जन शिकायत निवारण प्रणाली (CPGRAMS) के तहत प्राप्त शिकायत के जवाब में दी गई है।
रेलवे द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पुनर्विकास कार्य के लिए भवन संरचना की नींव तैयार करने हेतु सर्वेक्षण एवं मिट्टी परीक्षण (Soil Exploration) का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही स्टेशन परिसर और आसपास अतिक्रमण हटाने तथा पुराने ढांचों को तोड़ने का अभियान भी जारी है।
इसके अलावा, स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सड़क डायवर्जन और पार्किंग क्षेत्र के विकास का काम भी प्रगति पर है।
बताया जा रहा है कि टाटानगर रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए अमृत स्टेशन योजना के तहत बड़े पैमाने पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इसमें यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, पार्किंग व्यवस्था, सुगम आवागमन और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रेलवे के इस कदम से टाटानगर स्टेशन के यात्रियों को भविष्य में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, वहीं स्टेशन परिसर की तस्वीर भी पूरी तरह बदलने वाली है।

Leave a Comment