भीषण चक्रवाती तूफान व ओलावृष्टि से पोटका में भारी तबाही, बिजली गुल, सड़क संपर्क बाधित
पोटका : शुक्रवार शाम आए भीषण चक्रवाती तूफान, ओलावृष्टि और तेज बारिश ने पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर एवं जुड़ी समेत कई पंचायत क्षेत्रों में व्यापक तबाही मचाई। अचानक बदले मौसम के इस प्रकोप से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। तेज आंधी के कारण दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों और बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे कई इलाकों में पिछले 20 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है।
बिजली बाधित होने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। मोटर और जलापूर्ति व्यवस्था ठप होने से ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वहीं, अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।
इधर, गिरी भारती हाई स्कूल के समीप एक विशाल पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर जाने से दर्जनों गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। सड़क अवरुद्ध होने के कारण आवागमन ठप हो गया है और लोगों को लंबी दूरी तय कर वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।
शनिवार सुबह विद्यालय जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बच्चों को कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के इतने घंटे बाद भी प्रशासन की ओर से पेड़ हटाने या सड़क बहाल करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने, गिरे पेड़ों को हटाकर सड़क चालू कराने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू करने की मांग की है, ताकि जनजीवन जल्द सामान्य हो सके।






