नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 : जुगसलाई नगर परिषद को मिला नया अध्यक्ष, नौशीन खान की ऐतिहासिक जीत

नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 : जुगसलाई नगर परिषद को मिला नया अध्यक्ष, नौशीन खान की ऐतिहासिक जीत
जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए हुए नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना शनिवार को तीसरे एवं अंतिम चक्र के साथ पूर्ण हो गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच संपन्न हुई मतगणना के बाद चुनाव पदाधिकारी ने अंतिम परिणाम की घोषणा की। इसमें नौशीन खान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रिंकू सिंह को 720 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की।
चुनाव परिणाम के अनुसार नौशीन खान को कुल 11,563 मत प्राप्त हुए, जबकि रिंकू सिंह को 10,843 मतों पर संतोष करना पड़ा। मतगणना पूरी होते ही नौशीन खान के समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।

मतगणना केंद्र पर सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हर राउंड के परिणाम को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता बनी रही। तीसरे और अंतिम चक्र के बाद जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, पूरा परिसर “नौशीन खान जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
नव निर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान ने जीत के बाद जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि जुगसलाई की जनता की जीत है। उन्होंने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, पेयजल समस्या के समाधान, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, नाली-नालों की सफाई तथा गरीब और मध्यम वर्ग के लिए मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का संकल्प दोहराया।

उन्होंने यह भी कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगी और जुगसलाई नगर परिषद को एक आदर्श नगर परिषद के रूप में विकसित करेंगी।
मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल के साथ-साथ दंडाधिकारी तैनात किए गए थे ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया।
इस चुनाव परिणाम के साथ ही जुगसलाई नगर परिषद को नया नेतृत्व मिल गया है। नगरवासियों को अब विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं को लेकर नई उम्मीदें बंधी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नगर परिषद क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा।
जुगसलाई नगर परिषद के इतिहास में यह चुनाव परिणाम एक अहम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है, जहां लोकतंत्र के इस महापर्व में जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए नेतृत्व पर भरोसा जताया

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उप विकास आयुक्त ने नागरिकों की समस्याएं एवं सुझावों को सुना, प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को किया गया निर्देशित