परसुडीह में बंद मकान चोरी कांड का खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

परसुडीह में बंद मकान चोरी कांड का खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। किताडीह मंशा मंदिर पश्चिम राजू बगान के समीप स्थित एक बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ किया था।

जानकारी के अनुसार 08 और 09 जनवरी 2026 की रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और लैपटॉप, मोबाइल फोन, जेवरात, 35 हजार रुपये नकद सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के बाद घर मालिक ओम प्रकाश नारायण ने परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए परसुडीह थाना में कांड संख्या 05/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 331(4) और 305(8) के तहत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास महतो उर्फ बुलेट, संजय कुमार उर्फ गबरू और राजेश शर्मा उर्फ पाण्डेय के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।

बरामदगी में एचपी कंपनी का सिल्वर रंग का लैपटॉप, सैमसंग गैलेक्सी एम-11 मोबाइल, पांच हजार रुपये नकद, लैपटॉप चार्जर, चोरी की घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या जेएच05डीडब्ल्यू-9231, विभिन्न औजार तथा तीन अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि इस चोरी कांड में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके खिलाफ पूर्व में बागबेड़ा, बिष्टुपुर, टाटानगर रेल जीआरपी और परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरी व अन्य आपराधिक मामलों में कई प्राथमिकी दर्ज हैं।

इस पूरे मामले का खुलासा परसुडीह थाना की विशेष टीम ने किया, जिसमें थाना प्रभारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवानों की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई