पूर्वी सिंहभूमः घाटशिला में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) कार्यकर्ता तारापद महतो (41 वर्ष) को दो अज्ञात आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. यह घटना सोमवार की शाम करीब 8 बजे घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत गालूडीह थाना क्षेत्र के खड़िया कॉलोनी गांव के पास हुई है. तारापद महतो, उल्दा पंचायत की उपमुखिया आशा रानी महतो के पति हैं.
घटना के बाद पुतडू गांव के रहने वाले पीड़ित परिजन मौके पर पहुंचे. जहां इस घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव का पंचनामा करने से रोक दिया. परिजनों का कहना है कि पुलिस पहले हत्यारोपियों को गिरफ्तार करे फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया जाएगा.
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. तारापद महतो बैंक ऑफ बड़ौदा की सीएससी चलाते थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तारापद महतो एनएच-18 के किनारे अपनी सीएससी में मौजूद थे. मकर संक्रांति नजदीक होने की वजह से सीएससी में पैसा निकालने वालों की काफी भीड़ थी. तभी बाइक पर सवार दो युवक आए, जिसमें से एक युवक बाइक पर बैठे रहा और दूसरे ने सीएससी के अंदर घुसकर तारापद महतो पर सामने से गोली चला दी. तारापद महतो गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया.







