कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डोंगाम हाट बाजार से 4 माह के बच्चे के अपहरण की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को रंगामटिया गांव निवासी प्रतिमा सरदार अपने तीन छोटे बच्चों के साथ डोंगाम हाट बाजार में मुर्गी बेचने आई थीं। बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने अपनी 6 वर्षीय बेटी ममता को 4 माह के बेटे इन्द्रदेव को थोड़ी देर संभालने को दिया था। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात महिला करीब 3 बजे बच्चे को लेकर फरार हो गई।
शाम करीब 6 बजे परिजनों ने कोवाली थाना को सूचना दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर डीएसपी मुसाबनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बाजार और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी करते हुए 14 घंटे के भीतर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी झुमरानी मंडल (40 वर्ष), पति प्रभात मंडल, निवासी मेलाईडीह को गिरफ्तार किया है। बरामद बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस की तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की सराहना की है।






