सीआरएस कमल किशोर सिन्हा ने टाटानगर स्टेशन व आसपास के क्षेत्रों का किया निरीक्षण
दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) कमल किशोर सिन्हा ने बुधवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिचालन में प्रयुक्त सुरक्षा संसाधनों और सुविधाओं की स्थिति की जांच करना था।
टाटानगर में एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन का निरीक्षण
सीआरएस सुबह टाटानगर पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले रेलवे की एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) और संबंधित विभागों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा मानकों, तैयारियों और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी जानकारियां दीं। अधिकारियों ने रेलवे की आपदा प्रबंधन तैयारियों को विस्तार से समझाया।
हल्दीपोखर रेलवे हाल्ट व यार्ड का जायजा
टाटानगर में निरीक्षण के बाद सीआरएस कमल किशोर सिन्हा बादामपहाड़ मार्ग की ओर रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने हल्दीपोखर रेलवे हाल्ट और वहां स्थित यार्ड में लोडिंग और अनलोडिंग व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने माल लदान, उतारने की प्रक्रिया, सुरक्षा उपायों और ट्रैक की स्थिति का भी अवलोकन किया।
बादामपहाड़ तक होगा स्टेशन-दर-स्टेशन निरीक्षण
सीआरएस की योजना है कि वह टाटानगर से बादामपहाड़ तक सभी प्रमुख स्टेशनों का क्रमवार निरीक्षण करेंगे और वहां की संचालन एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करेंगे। निरीक्षण के दौरान चक्रधरपुर मंडल के एडीआरएम सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ उपस्थित थे।






