रांची: झारखंड से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है. फिर भी आफत वाली बारिश से छुटकारा नहीं मिल रहा है. 15 सितंबर को हुई बेतहाशा बारिश का जिक्र होते ही आज भी रांची वासी सिहर उठते हैं. कुछ घंटों के लिए रांची थम सी गई थी. कई गाड़ियां नालों में गिर गईं थी. निचले इलाकों के लोग पानी भरने से त्रस्त थे. लोग दुआएं कर रहे थे कि अब बहुत हुआ. क्योंकि अब दुर्गा पूजा का भी काउंट डाउन शुरू हो चुका है. ऐसे में सवाल है कि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा.
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रही है. 18 सितंबर को दोपहर तक देवघर, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ साहिबगंज, गोड्डा में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है. इन जगहों पर 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अनुमान है. मौसम केंद्र ने लोगों से एहतियात बरतने की सलाह दी है. खासकर मेघगर्जन के वक्त वज्रपात से नुकसान की संभावना बनी रहती है.





