डीआरएम ने टाटानगर के अधिकारियों के साथ की बैठक, स्टेशन रीडेवलेपमेंट और टाटानगर एनआई कार्य को लेकर समीक्षा की

डीआरएम ने टाटानगर के अधिकारियों के साथ की बैठक, स्टेशन रीडेवलेपमेंट और टाटानगर एनआई कार्य को लेकर समीक्षा की

जमशेदपुर।
चक्रधरपुर रेल डिवीजन के डीआरएम तरुण हुरिया रविवार को टाटानगर स्टेशन पहुंचे। डीआरएम तरुण हुरिया ने लोको शेड स्थित मीटिंग हॉल में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य रुप से थर्ड लाइन, टाटा यार्ड का नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) परियोजनाओं की प्रगति और टाटानगर स्टेशन के रीडेवलेपमेंट से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा करना था। बैठक में मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। ।
डीआरएम तरुण हुरिया ने सबसे पहले थर्ड लाइन परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली कि इस परियोजना में अब तक क्या काम हुआ है, किन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है? और कार्य पूरा करने की संभावित समय-सीमा क्या है। अधिकारियों ने बताया कि भूमि अधिग्रहण और पर्यावरणीय मंजूरी प्रक्रिया में थोड़ी देरी आई थी, लेकिन अब आवश्यक कार्यवाही पूरी हो चुकी है। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में गति लाने के लिए समन्वय स्थापित करें और निर्धारित समय पर परियोजना को पूरा किया जाए ताकि रेलवे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार हो सके।

बैठक में नई इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। इसमें मुख्य रूप से सिग्नलिंग सिस्टम, पटरियों का रखरखाव, विद्युत प्रणाली का उन्नयन और यार्ड विस्तार पर ध्यान दिया गया। डीआरएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हर चरण पर समय-समय पर निरीक्षण आवश्यक है, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनी रहे।
इसके बाद टाटानगर स्टेशन रीडेवलेपमेंट पर डीआरएम ने विशेष चर्चा की। उन्होंने बताया कि टाटानगर स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर यात्री अनुभव को बेहतर बनाने की योजना बनाई गई है। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफार्म की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी, वेटिंग हॉल में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, बेहतर लाइटिंग व्यवस्था की जाएगी और सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, डिजिटल लोकर रूम भी जल्द चालू किया जाएगा, जिससे यात्री अपने सामान को सुरक्षित स्थान पर रख सकेंगे। बैठक के समापन में डीआरएम ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे कर्मचारियों की मेहनत को बढ़ाएं और टीम वर्क के माध्यम से कार्य को तेजी से पूरा करें। उन्होंने सभी को यह जिम्मेदारी दी कि वे पारदर्शिता के साथ काम करें और कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त न करें।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई