जमशेदपुर : गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव पर सोमवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में जमशेदपुर के मानगो को नया पुलिस अनुमंडल बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य के डीजीपी को निर्देश दिया कि विधि व्यवस्था के कुशल संचालन के लिए सभी जिलों की जरूरतों का आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से जिलों के अपराध ग्राफ, उसके ट्रेंड और वर्तमान संसाधन सहित भविष्य की आवश्यकताओं का स्पष्ट डेटा उपलब्ध होगा। साथ ही, अपराध नियंत्रण के लिए संसाधनों का बेहतर बंटवारा सुनिश्चित हो सकेगा।
वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा पुलिस अनुमंडल मौजूद हैं। लेकिन उत्क्रमित थाना, मानगो एवं आजादनगर तथा ओलीडीह ओपी के क्षेत्रफल, जनसंख्या और अपराधों की विविधता में लगातार वृद्धि के चलते यहां अलग पुलिस अनुमंडल की जरूरत महसूस की जा रही थी।
गृह सचिव ने बताया कि मानगो में आर्थिक अपराध, नारकोटिक्स से जुड़े मामले और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इसे नया अनुमंडल बनाया जा रहा है। डीजीपी ने जानकारी दी कि नया पुलिस अनुमंडल जमशेदपुर और पटमदा से जुड़े उत्क्रमित थाना, मानगो एवं आजादनगर तथा ओलीडीह ओपी को मिलाकर अस्तित्व में आएगा।
बैठक में वित्त सचिव और कार्मिक सचिव ने अपने-अपने विभागों से जुड़े मसलों पर सुझाव रखते हुए अनुमोदन प्राप्त किया। इस दौरान राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और आईजी भी उपस्थित थे।






