धातकीडीह सामुदायिक केंद्र में पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप 2025 का भव्य आयोजन
धातकीडीह, पूर्वी सिंहभूम, 23 अगस्त 2025।
पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप 2025 का भव्य आयोजन आज धातकीडीह सामुदायिक केंद्र में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर से आए खिलाड़ियों ने योगासन की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर वातावरण को ऊर्जावान बना दिया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के व्यावसायिक प्रकोष्ठ के संयोजक भाजपा नेता श्री नीरज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों एवं आयोजकों को बधाई देते हुए कहा –
“योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक समग्र कला है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने योग को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है, जिसके परिणामस्वरूप आज पूरा विश्व 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के रूप में मनाता है। मोदी जी का ‘फिट इंडिया – स्वस्थ भारत’ का संकल्प योग के माध्यम से ही साकार होगा।”
श्री नीरज सिंह ने आगे कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा का संतुलन स्थापित कर समाज को अनुशासन, संस्कार और आंतरिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे योग को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी जीवनशैली में अपनाएँ।
आयोजन के दौरान ईस्ट सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती सुधा झा, उपाध्यक्ष श्री अर्जुन शर्मा एवं श्री रवि शंकर नेवार, सचिव श्री मलय कुमार डेय, संयुक्त सचिव एवं तकनीकी निदेशक श्रीमती प्रज्ञा परोमिता चक्रवर्ती तथा कोषाध्यक्ष श्रीमती ललिता शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि मंच पर उपस्थित रहे। वहीं बस्ती विकास सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवन अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दर्शकों ने खिलाड़ियों के योगाभ्यास का भरपूर आनंद लिया और योग को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
अंत में भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा –
“योग भारत की आत्मा है। योग ही जीवन है, योग ही स्वास्थ्य है और योग ही भारत की पहचान है। हमें प्रधानमंत्री मोदी जी के ‘सशक्त और स्वस्थ भारत’ के संकल्प को योग के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाना होगा।”
योग ही जीवन है, योग ही स्वास्थ्य है, योग ही भारत की पहचान है।






