टाटा स्टील ने उभरते स्टार्टअप्स के लिए टुमॉरो लैब एक्सेलरेटर प्रोग्राम शुरू करने के लिए आईआईटी भुवनेश्वर और इंडिया एक्सेलरेटर के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
~ 6 महीने का कार्यक्रम जल, अपशिष्ट ऊष्मा पुनर्प्राप्ति और रोबोटिक्स एवं स्वचालन से संबंधित चुनौतियों के समाधान पर केंद्रित होगा।
मुंबई, 14 अगस्त, 2025: टाटा स्टील ने उभरते स्टार्टअप्स के लिए 6 महीने का टुमॉरो लैब एक्सेलरेटर प्रोग्राम संयुक्त रूप से 13 अगस्त, 2025 को शुरू करने के लिए आईआईटी भुवनेश्वर रिसर्च एंड एंटरप्रेन्योरशिप पार्क (आईआईटी बीबीएसआर आरईपी) और इंडिया एक्सेलरेटर (आईए) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह कार्यक्रम सितंबर 2025 में शुरू होगा और इसका उद्देश्य स्टार्टअप्स को सशक्त बनाना है, उनके विकास को बढ़ावा देने, उद्योग से जुड़ने में मदद करने और उनकी यात्रा को गति देने के लिए एक अनुकूल वातावरण प्रदान करना है।
टुमॉरो लैब एक्सेलरेटर प्रोग्राम, नवाचार को बढ़ावा देने के लिए फरवरी 2024 में टाटा स्टील और आईआईटी बीबीएसआर आरईपी के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत एक पहल के रूप में योजनाबद्ध है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा जगत और उद्योग के बीच की खाई को पाटना, स्टार्टअप्स के फलने-फूलने के लिए एक गतिशील वातावरण तैयार करना और साथ ही उद्यमशीलता के विचारों को व्यवहार्य और टिकाऊ व्यवसायों में बदलने के लिए मूल्यवान संसाधन और मार्गदर्शन प्रदान करना है। इस कार्यक्रम के लिए आवेदन करने के इच्छुक स्टार्टअप्स के पास आदर्श रूप से एक न्यूनतम व्यवहार्य उत्पाद (एमवीपी) होना चाहिए और बाजार में शुरुआती गति का प्रदर्शन करना चाहिए।
टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं विकास, एनएमबी और ग्राफीन) सुबोध पांडे ने कहा: “टाटा स्टील पिछले कई वर्षों से अपने सस्टेनेबिलिटी एजेंडे को गति देने के लिए उद्योग और शैक्षणिक साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रही है। हम भारत में स्टार्टअप इकोसिस्टम में अपार संभावनाएं देखते हैं, जहाँ युवा इनोवेटर कुछ सबसे कठिन व्यावसायिक चुनौतियों के समाधान खोजने के लिए काम कर रहे हैं। ओडिशा ‘100 क्यूब’ जैसी पहलों के साथ स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। टुमॉरो लैब एक्सेलरेटर प्रोग्राम इसी दिशा में एक और कदम है और इसमें पूर्वी भारत का इनोवेशन हब बनने की अपार संभावनाएं हैं।”
इस कार्यक्रम में पूरे भारत में स्टार्टअप्स के साथ जुड़ाव शामिल होगा। आईआईटी भुवनेश्वर, इंडिया एक्सेलरेटर द्वारा समर्थित सभी गतिविधियों का केंद्र होगा। कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य हैं:
स्टार्टअप्स के लिए मार्गदर्शन, क्षमता निर्माण कार्यशालाएँ और तकनीकी सहायता प्रदान करना।
वित्तपोषण, व्यावसायिक सलाहकार सेवाओं और व्यावसायीकरण के अवसरों तक पहुँच प्रदान करना।
स्टार्टअप्स के लिए रणनीतिक साझेदारी, व्यवसाय विकास और बाज़ार पहुँच के लिए आईए और आईआईटी बीबीएसआर आरईपी के नेटवर्क का लाभ उठाना।
ओडिशा और उसके बाहर गतिशील उद्यमशीलता पारिस्थितिकी तंत्र के साथ टाटा स्टील के जुड़ाव को मज़बूत करना।
यह कार्यक्रम टाटा स्टील के लिए जल, अपशिष्ट ऊष्मा पुनर्प्राप्ति और रोबोटिक्स एवं स्वचालन जैसे इसके विकास से संबंधित क्षेत्रों में काम करने वाले स्टार्टअप्स के साथ एक संरचित जुड़ाव के रूप में भी काम करेगा। कंपनी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद एक पायलट प्रोजेक्ट के लिए प्रासंगिक समाधानों के साथ समूह से चुनिंदा स्टार्टअप्स को जोड़ेगी।
टाटा स्टील, स्टील मूल्य श्रृंखला और अन्य चिन्हित हित क्षेत्रों में चुनौतियों का समाधान करने के लिए कंपनी के प्रमुख स्टार्ट-अप एंगेजमेंट कार्यक्रम टुमॉरो लैब के तहत भारत और अंतर्राष्ट्रीय स्टार्टअप इकोसिस्टम के साथ भी निकटता से सहयोग कर रही है।






